उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को राज्य के 12 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उपप्रमुख और कनिष्ठ उपप्रमुख पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 11 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अगस्त तय की गई है, जो सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी।
चुनाव 14 अगस्त को सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक होंगे और मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू कर दी जाएगी।
चुनावी तैयारियों में तेजी
जैसे ही अधिसूचना जारी हुई, सभी राजनीतिक दल और पंचायत प्रतिनिधि अपनी रणनीतियों में जुट गए हैं। जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी (ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी) सदस्यों को अपने पक्ष में बनाए रखने के प्रयास शुरू हो गए हैं। संभावित दावेदारों ने भी समर्थन जुटाने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है और कई स्थानों पर गुप्त बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। उम्मीदवारों के समर्थन में सदस्यों को मनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं, तो वहीं कुछ क्षेत्रों में क्रॉस वोटिंग की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां
दूसरी ओर, चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना ने जानकारी दी कि ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष पदों के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती की जा चुकी है। सभी अधिकारियों को चुनाव संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
चुनाव स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन के खास मौके पर सुनें ये बॉलीवुड गाने
उत्तराखंड के पंचायत चुनाव न सिर्फ स्थानीय स्तर की राजनीति को प्रभावित करते हैं, बल्कि ये चुनाव कई बड़े राजनीतिक समीकरणों की नींव भी रखते हैं। ऐसे में 14 अगस्त को होने वाला मतदान और उसी दिन आने वाला परिणाम, राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को नया मोड़ दे सकता है।









