मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। कोली मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने शराब के नशे में सरे बाजार अपनी पत्नी पर धारदार हंसिए से जानलेवा हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए। वारदात एक दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना उस वक्त हुई जब पीड़िता सविता शाक्यवार रोज की तरह काम से लौट रही थी। जैसे ही वह ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के पास पहुंची, उसका पति वहां घात लगाए बैठा था। अचानक उसने सविता पर पीछे से हमला बोल दिया। भीड़भाड़ वाले बाजार में महिला चीखती रही, लेकिन वह लगातार उस पर वार करता रहा।
लोगों ने की मदद, पति ने उन्हें भी डराने की कोशिश की
हमले के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हंसिए से हमला करने की कोशिश की, जिससे लोग पीछे हट गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में महिला को सिविल अस्पताल ब्यावरा में भर्ती कराया।
पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
अस्पताल में भर्ती सविता बाई ने बयान देते हुए बताया कि उसका पति लंबे समय से शराब का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। लगभग दस दिन पहले उसने महिला और बच्चों को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वे एक मंदिर में रह रहे थे।
सविता का कहना है कि पति बार-बार धमकी देता था कि वह उसके दोनों हाथ काट देगा। उसने कई बार पुलिस से इसकी शिकायत की थी, लेकिन हर बार उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। आज उसी धमकी को उसने अंजाम दे दिया।
यह भी पढ़ें: बढ़ती कीमतों के बीच गोल्ड लोन की मांग में ऐतिहासिक उछाल
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
ब्यावरा एएसआई राकेश शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना डायल 100 पर सुबह 8:50 बजे मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया गया। महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।









