बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक विश्लेषकों के तमाम आकलनों को गलत साबित कर दिया। भाजपा-जदयू गठबंधन वाली एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 202 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। इस जीत में भाजपा की भूमिका निर्णायक रही, जिसने न सिर्फ अपने परंपरागत क्षेत्रों में बढ़त बनाई, बल्कि महागठबंधन के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भी विपक्ष को कड़ी मात दी।
बिहार विधानसभा चुनाव का फाइनल परिणाम
बिहार विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजों में एनडीए को 202 सीटें मिली जिसमें से बीजेपी को 89, जेडीयू को 85, लोकपा आर को 19, हम को 5 और आरएलएम को 4 सीटों पर जीत मिली। वहीं महागठबंधन को मात्रा 35 सीटें मिली जिसमें से राजद को 25, कांग्रेस को 6, लेफ्ट को 3 और आईआईपी को एक सीट मिली।
बीजेपी की बड़ी बढ़त, RJD के गढ़ में सेंध
इस चुनाव में भाजपा ने कुल 89 सीटें जीतीं, जिनमें 42 सीटों पर उसका सीधा मुकाबला आरजेडी से हुआ और हर जगह पार्टी विजयी रही। तेजस्वी यादव की जनसभाओं में भीड़ के बावजूद, मतों में वह समर्थन में नहीं बदल सका।
लालू प्रसाद के पुराने जनाधार और महागठबंधन की रणनीति—दोनों ही भाजपा के संगठित चुनाव अभियान के सामने फीकी पड़ गईं। गांव-देहात से लेकर शहरी इलाकों तक, भाजपा ने आरजेडी को मुश्किल मुकाबला नहीं मिलने दिया। कई सीटों पर भारी मतांतर ने यह साफ कर दिया कि चुनावी हवा एनडीए के पक्ष में थी।
कांग्रेस की करारी हार, 27 सीटों पर साफ-सफाया
महागठबंधन की दूसरी बड़ी सहयोगी कांग्रेस को इस चुनाव ने बड़ा झटका दिया। 27 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार भाजपा प्रत्याशियों से सीधे मुकाबले में पिछड़ गए।
राहुल गांधी के कई दौरों, न्याय यात्रा और चुनाव प्रचार के बावजूद कांग्रेस मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर सकी। स्थानीय स्तर पर कमजोर संगठन और सीट बंटवारे की राजनीति ने भी पार्टी को नुकसान पहुंचाया। कई सीटों पर कांग्रेस को भारी मतांतर से हार का सामना करना पड़ा, जिससे साफ है कि राज्य में पार्टी अपनी पकड़ लगभग खो चुकी है।
लेफ्ट पार्टियों का आधार भी कमजोर पड़ा
सामाजिक न्याय और किसान-मजदूर मुद्दों पर लंबे समय से संघर्ष कर रही वामपंथी पार्टियाँ भी इस बार भाजपा की लहर में टिक नहीं सकीं। 11 सीटों पर हुए सीधे मुकाबले में लेफ्ट उम्मीदवार पराजित हुए।
CPI-ML जैसे दलों का वह आधार, जिसकी वजह से वे कई इलाकों में मजबूत माने जाते थे, इस चुनाव में स्पष्ट रूप से कमजोर दिखा।
VIP और निर्दलीयों को भी भाजपा की चुनौती भारी
मल्लाह समुदाय के समर्थन वाली वीआईपी पार्टी इस चुनाव में 7 सीटों पर भाजपा से हार गई।
कई सीटों पर मतांतर इतना अधिक था कि मुकाबला एकतरफा बन गया।
इतना ही नहीं, 2 स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा प्रत्याशियों के सामने टिक नहीं पाए।
क्या कहते हैं नतीजे?
बिहार के चुनावी रंग में इस बार भाजपा ने खुद को न सिर्फ एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित किया, बल्कि महागठबंधन के सभी प्रमुख घटकों को हाशिये पर धकेल दिया।
आरजेडी के सामाजिक समीकरण, कांग्रेस की पुरानी जमीन और लेफ्ट का परंपरागत जनाधार—तीनों ही भाजपा की आक्रामक रणनीति, स्थानीय मुद्दों की समझ और मोदी-नीतीश नेतृत्व की संयुक्त अपील के आगे टिक नहीं सके।
यह भी पढ़ें: KVS Vacancy 2025: 9156 पदों पर वैकेंसी, जानें आवेदन प्रक्रिया
इस चुनाव ने यह साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है, जहां पुराने समीकरण कमजोर हो रहे हैं और नई राजनीतिक ऊर्जा का केंद्र भाजपा बनकर उभर रही है।









