लखनऊ पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को हिरासत में लिया है। तालकटोरा थाने से उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को फोन कर गिरफ्तारी की पुष्टि की गई। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई देवरिया जिले में दर्ज एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में की गई है, जिसमें नूतन ठाकुर का नाम भी शामिल है।
शाहजहांपुर से हिरासत, देवरिया ले जाया जा रहा
जानकारी के अनुसार, अमिताभ ठाकुर मंगलवार रात दिल्ली जाने के लिए लखनऊ से ट्रेन में सवार हुए थे। ट्रेन शाहजहांपुर पहुंचते ही कुछ अधिकारियों ने उन्हें चलती ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया। देर रात तक परिवार को उनकी स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में रेलवे अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि वे लोग सादी वर्दी में पुलिसकर्मी हो सकते हैं।
बुधवार सुबह लगभग 10 बजे तालकटोरा थाने की पुलिस ने पुष्टि की कि अमिताभ ठाकुर उनकी हिरासत में हैं और उन्हें देवरिया ले जाया जा रहा है।
नूतन ठाकुर शहर से बाहर
अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर ने बताया कि वह भी काम के सिलसिले में लखनऊ से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पति के दिल्ली सफर के दौरान अचानक हुई इस कार्रवाई से वह चिंतित थीं और लगातार जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही थीं।
यह भी पढ़ें: बिहार: सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा
कौन हैं अमिताभ ठाकुर?
अमिताभ ठाकुर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कप्तान के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2021 में प्रदेश सरकार ने उन्हें समयपूर्व सेवानिवृत्ति दे दी थी। गृह विभाग की स्क्रीनिंग रिपोर्ट में उन्हें सेवा के लिए अनुपयुक्त माना गया था, जिसके बाद उन्हें रिटायर कर दिया गया।









