मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। कुल 19 एजेंडों को मंजूरी देते हुए सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाने के साथ कई विभागीय पुनर्गठन के निर्णय लिए।
सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5% बढ़ा
छठा वेतनमान वाले राज्य के सरकारी सेवकों और पेंशनधारियों के डीए में 5% की वृद्धि की गई है। नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू होंगी, जिसके बाद कर्मचारियों को 52% के बजाय 57% महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन नए विभागों का गठन
सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तीन नए विभाग बनाने का निर्णय लिया है—
- युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग
- उच्च शिक्षा विभाग
- सिविल विमानन विभाग
इन विभागों के गठन के बाद विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई विभागों के नाम बदले गए
कैबिनेट ने कुछ विभागों के नामों में संशोधन कर उन्हें और स्पष्ट व नवीन स्वरूप देने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।
- पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग कहलाएगा।
- श्रम संसाधन विभाग का नया नाम श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग होगा।
- कला संस्कृति एवं युवा विभाग को कला एवं सांस्कृतिक विभाग के रूप में जाना जाएगा।
- तकनीकी विकास निदेशालय का नाम बदलकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय किया जाएगा।
NSE के साथ समझौते को मंजूरी
युवाओं के कौशल विकास और रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ‘विद्यार्थी कौशल कार्यक्रम’ चलाएगी। इसके लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSEIL) मुंबई के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर की मंजूरी दी गई है।
शहीद बीएसएफ अधिकारी के बेटे को अनुकंपा नौकरी
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए बीएसएफ सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज के पुत्र को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने स्वीकृति दे दी। साथ ही गया और मुंगेर जिलों को नागरिक सुरक्षा जिला घोषित कर दिया गया है।
वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष फाउंडेशन का गठन
वाल्मीकि नगर में बाघ संरक्षण को मजबूत करने के लिए ‘वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष फाउंडेशन न्यास’ बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए 15 करोड़ रु की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पटना चिड़ियाघर की टिकट दर बढ़ेगी
संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना चिड़ियाखाना) में टिकट शुल्क और अन्य राजस्व स्रोतों में बढ़ोतरी की तैयारी भी शुरू हो गई है। संसाधन बढ़ाने के लिए एक नई सोसाइटी बनाई जाएगी, जिसके गठन के बाद प्रवेश शुल्क सहित अन्य दरों में बढ़ोतरी को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में चुनाव सुधार पर राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला
बिहार कैबिनेट की इस अहम बैठक से कई विभागीय संरचनाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, साथ ही कर्मचारियों और युवाओं के लिए भी अनेक नई पहलें शुरू होंगी।









