IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने चार विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम आज यह मैच जीतकर सीरीज में मजबूत स्थिति हासिल करना चाहेगी।
यह मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1 बजे किया जाएगा। हालांकि, भारतीय टीम को इस मैच से पहले एक झटका लगा है। स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वह सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो चुके हैं।
भारत-न्यूजीलैंड हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के बीच वनडे रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा भारी दिखाई देता है। अब तक खेले गए 121 वनडे मुकाबलों में से भारत ने 63 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 50 मुकाबलों में जीत मिली है। सात मैच बेनतीजा रहे हैं और एक मैच टाई रहा है।
हालांकि, राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। यहां खेले गए चार वनडे मैचों में से टीम इंडिया को तीन में हार का सामना करना पड़ा है।
पिच और मौसम का मिजाज
निरंजन शाह स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है। शाम के समय ओस का असर भी अहम भूमिका निभा सकता है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है। पहले वनडे में भी भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर यही रणनीति अपनाई थी।
मैच प्रिडिक्शन
मैच प्रिडिक्शन के लिहाज से टीम इंडिया एक बार फिर फेवरेट मानी जा रही है। अनुमान के मुताबिक मुकाबला 75-25 के अंतर से भारत के पक्ष में नजर आ रहा है। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी मजबूत जरूर है, लेकिन उनकी गेंदबाजी भारतीय लाइनअप के सामने कमजोर दिखाई देती है। ऐसे में बड़े उलटफेर की संभावना कम मानी जा रही है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जाकरी फाउल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव का हुआ ऐलान
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया राजकोट में अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक और जीत दर्ज कर पाती है या न्यूजीलैंड वापसी करने में सफल रहता है।









