महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए 5 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि 7 फरवरी को मतगणना होगी। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 18 जनवरी तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 21 जनवरी तक नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। इसके बाद 22 जनवरी को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा और उसी दिन अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मतदान के दिन 25,482 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
इन जिलों में होंगे जिला परिषद चुनाव
कोंकण संभाग:
- रायगढ़
- रत्नागिरी
- सिंधुदुर्ग
पुणे संभाग:
- पुणे
- सतारा
- सांगली
- कोल्हापुर
- सोलापुर
छत्रपति संभाजीनगर संभाग:
- छत्रपति संभाजीनगर
- परभणी
- धाराशिव
- लातूर
1 जुलाई 2025 तक की मतदाता सूची होगी मान्य
दिनेश वाघमारे ने बताया कि इन चुनावों में 1 जुलाई 2025 तक अद्यतन की गई मतदाता सूची का उपयोग किया जाएगा। नियमों के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां अलग-अलग तैयार की गई हैं और इस स्तर पर इनमें कोई नया नाम जोड़ने या हटाने की अनुमति नहीं होगी।
यह चुनाव कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों की समयसीमा को दो सप्ताह बढ़ाने के फैसले के बाद घोषित किया गया है।
मतदाताओं के लिए विशेष इंतजाम
राज्य निर्वाचन आयोग ने यह भी बताया कि वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं और गर्भवती महिलाओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें रैंप, व्हीलचेयर, पीने का पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: ब्लिंकिट, जोमैटो-स्विगी हटाएगा 10 मिनट में डिलीवरी का फीचर
जनवरी–फरवरी में चुनावी सरगर्मी
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में जनवरी और फरवरी का महीना सियासी दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। 15 जनवरी को जहां महानगरपालिकाओं के चुनाव कराए जाएंगे, वहीं फरवरी के पहले सप्ताह में जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए मतदान होगा। महानगरपालिका चुनावों के नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।








