एशिया कप 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को 15 सदस्यीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। टीम में कई नए और पुराने चेहरों की वापसी हुई है, लेकिन कुछ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, जिससे चयन पर सवाल भी उठने लगे हैं।
शुभमन गिल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
टीम की कमान इस बार फिर सूर्यकुमार यादव के हाथों में सौंपी गई है, जबकि युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। गिल ने हाल ही में आईपीएल 2025 में 650 से अधिक रन बनाकर शानदार फॉर्म का परिचय दिया था और चयनकर्ताओं ने इस प्रदर्शन को गंभीरता से लिया।
जितेश शर्मा की वापसी
आईपीएल 2025 में दमदार फिनिशिंग और शानदार विकेटकीपिंग के दम पर जितेश शर्मा ने एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में वापसी की है। उन्हें संजू सैमसन के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी दी गई है। उनका चयन दिखाता है कि टीम मैनेजमेंट अब तेज रन बनाने वाले खिलाड़ियों को तरजीह दे रहा है।
अय्यर, राहुल और यशस्वी को झटका
सबसे बड़ा सरप्राइज श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को टीम से बाहर रखा जाना है। तीनों ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था — अय्यर ने 600 से ज्यादा रन बनाए, जबकि राहुल ने एक शतक के साथ निरंतरता दिखाई। यशस्वी जायसवाल ने भी आक्रामक बल्लेबाज़ी से प्रभावित किया, लेकिन फिर भी उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
सिराज और शमी भी नहीं
तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को भी टीम में जगह नहीं मिली है। सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज़ में विकेटों की झड़ी लगाई थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने शायद टी20 फॉर्मेट की अलग मांगों को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को प्राथमिकता दी।

भारत की 15 सदस्यीय टीम – एशिया कप 2025
- सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
- शुभमन गिल (उपकप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- हार्दिक पांड्या
- शिवम दुबे
- अक्षर पटेल
- जितेश शर्मा (विकेटकीपर)
- जसप्रीत बुमराह
- अर्शदीप सिंह
- वरुण चक्रवर्ती
- कुलदीप यादव
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- हर्षित राणा
- रिंकू सिंह
यह भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति चुनाव: इंडिया गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया उम्मीदवार
चयन को लेकर बहस जारी
टीम के चयन के बाद सोशल मीडिया और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच बहस तेज हो गई है। खासकर केएल राहुल और अय्यर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि युवा और आक्रामक टीम मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है।









