गुजरात के गांधीनगर के पांचवीं कक्षा के छात्र ईशित भट्ट ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ सीजन 17 में अपनी उपस्थिति के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए गए इस शो में ईशित का आत्मविश्वास जल्दी ही विवाद का विषय बन गया, जब दर्शकों ने उनके बोलने के तरीके और व्यवहार पर सवाल उठाए। कई लोगों ने उनके रवैये को अहंकारी और अभद्र बताया, जिससे यह बहस शुरू हो गई कि बच्चों में विनम्रता और संस्कार सिखाने में माता-पिता की भूमिका क्या होनी चाहिए।
ईशित ने शुरुआत में ही सबका ध्यान खींच लिया जब उन्होंने अमिताभ बच्चन से कहा, ‘मुझे नियम पता हैं, इसलिए आप मुझे अभी नियम समझाने मत बैठना।’ शो के दौरान उन्होंने बार-बार विकल्प (options) मांगे और कहा, अरे ऑप्शन डालो ना।’
यह भी पढ़ें- सलमान-अरिजीत विवाद पर दबंग खान ने दिया बड़ा बयान, मान ली खुद की गलती!
जब जवाब लॉक करने की बारी आई तो उन्होंने उत्साह में कहा, ‘सर एक क्या, उस पर चार लॉक लगाओ लेकिन लॉक करो।’ जब बच्चन साहब ने रामायण से जुड़ा सवाल पूछा, तो उन्होंने बिना सोचे ऑप्शन मांगे और आखिर में गलत जवाब दे बैठे। इसके बाद उन्हें बिना कोई इनाम जीते शो से बाहर होना पड़ा।
अमिताभ बच्चन ने उस समय टिप्पणी की, ‘कभी-कभी बच्चे ओवरकॉन्फिडेंस में गलती कर देते हैं।’ एपिसोड के प्रसारण के बाद यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।
इस घटना ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा किया कि ज्ञान और संस्कार के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए। कुछ लोगों ने ईशित का बचाव किया, जबकि कईयों ने कहा कि अभिभावकों और शो प्रोड्यूसर्स को बच्चों के व्यवहार के लिए अधिक जिम्मेदार होना चाहिए।
नेटिज़न्स की प्रतिक्रियाएं भी काफी तीखी रहीं। एक यूज़र ने लिखा, ‘ठीक है अगर आपके बच्चे को ज्ञान है, लेकिन अगर उसमें संस्कार नहीं हैं या वह बड़ों से बात करने की तहज़ीब नहीं जानता, तो वह कभी सफल नहीं हो सकता। अगर मैं अमिताभ बच्चन की जगह होता, तो उसे दो थप्पड़ लगाकर फिर सवाल पूछता।’
दूसरे ने लिखा, ‘एकदम सही अंत! घमंड को सबक मिल गया। अब शायद माता-पिता सीखेंगे कि बिगड़ैल बच्चे पालना पालन-पोषण नहीं, सार्वजनिक उपद्रव तैयार करना है।’ एक अन्य ने बस इतना लिखा, ‘ओवरस्मार्ट बच्चा।’









