उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। कौशांबी के दौरे पर जाते समय उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट को आपात स्थिति में अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि उड़ान के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भरने लगा था, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के कारण हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया।
ला मार्ट्स मैदान से भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ला मार्टस् मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशांबी के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी समस्या सामने आने लगी।
सूत्रों के अनुसार, केबिन में तेजी से धुआं भरने लगा, जिसे देखते हुए पायलट ने तत्काल हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ की ओर मोड़ दिया और एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई।
हेलीकॉप्टर में मौजूद थे चार लोग
हेलीकॉप्टर में डिप्टी सीएम के अलावा पायलट, उनका एक सहयोगी और एक पीएसओ मौजूद था। घटना के समय सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को भी चोट नहीं आई। फिलहाल उपमुख्यमंत्री एयरपोर्ट परिसर में ही मौजूद हैं।
तकनीकी जांच शुरू
घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। सुरक्षा के लिहाज से हेलीकॉप्टर की पूरी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि उड़ान के दौरान धुआं भरने की वजह क्या थी।
कौशांबी में कार्यक्रम में होना था शामिल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को कौशांबी में आयोजित सरस महोत्सव के कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। इसके अलावा उनका पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक का कार्यक्रम भी तय था।
साथ ही कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी उनके दौरे के एजेंडे में शामिल था। हालांकि हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: विजेता को मिलेगा इतने करोड़ का प्राइज मनी
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।









