कश्मीर घाटी में आतंक के खिलाफ भारतीय सेना का ऑपरेशन अखल जारी है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल इलाके में सोमवार को लगातार चौथे दिन भी आतंकियों के साथ मुठभेड़ जारी रही। सेना ने अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया है, जबकि एक जवान के घायल होने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुलगाम के जंगली क्षेत्र में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इलाके को चारों ओर से घेरते ही आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सेना ने भी मोर्चा संभाला। रविवार तक तीन आतंकियों को मार गिराया गया था, जबकि सोमवार को ऑपरेशन अब भी जारी रहा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, उनकी शिनाख्त और संबंधों की पुष्टि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
लगातार अभियान चला रही है सेना
पिछले एक हफ्ते में भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ तीन बड़े ऑपरेशन चलाए हैं, जिनमें अब तक कुल आठ आतंकियों को ढेर किया गया है। इससे पहले “ऑपरेशन महादेव” के तहत सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया था, जबकि “ऑपरेशन केलर” में शोपियां जिले में तीन और “ऑपरेशन शिवशक्ति” में पुंछ में दो आतंकी मारे गए।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी घुसपैठ की कोशिशें
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” चलाया था, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया था। इस ऑपरेशन के बाद आतंकी संगठनों ने बार-बार घुसपैठ की कोशिशें कीं, लेकिन सेना ने हर बार मुंहतोड़ जवाब दिया।

सेना की बढ़ती सख्ती और लगातार अभियान से आतंकी संगठनों में हड़कंप मचा हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आधुनिक उपकरणों की मदद से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हालात पर नियंत्रण, ऑपरेशन जारी
कुलगाम का ऑपरेशन बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुठभेड़ घने जंगलों और दुर्गम इलाके में चल रही है। सुरक्षाबल किसी भी सूरत में आतंकियों को भागने का मौका नहीं देना चाहते।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता। स्थानीय लोगों से भी सावधानी बरतने और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने सेना पर टिप्पणी मामले में लगाई फटकार
कश्मीर घाटी में सेना की लगातार सख्ती ने आतंकियों की कमर तोड़ दी है, और हालिया ऑपरेशन यह संदेश दे रहे हैं कि भारत आतंक के खिलाफ किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेगा।









