Gang Rape in Haryana: पानीपत से हैवानियत की खबर आ रही है। पुलिस के अनुसार, एक 35 वर्षीय महिला के साथ यहां एक खाली खड़ी ट्रेन के डिब्बे में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने बताया कि, उन्हें 26 जून को महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली थी। उसके पति ने बताया कि 24 जून को किसी विवाद के बाद वह घर से चली गई थी। उसने यह भी कहा कि पहले भी ऐसा हो चुका है, लेकिन वह खुद ही लौट आती थी।
इसी बीच, महिला ने पुलिस को बताया कि वह पास के एक रेलवे स्टेशन पर बैठी थी, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और कहा कि उसे उसके पति ने भेजा है।
यह भी पढ़ें- गोपाल खेमका की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, अरेस्ट करने गई थी पुलिस तभी..
किला थाना प्रभारी श्री निवास के अनुसार, ‘महिला ने बताया कि वह उसे अपने साथ एक खाली ट्रेन के डिब्बे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में दो अन्य लोग भी आ गए और उन्होंने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।’
महिला, जो काफी सदमे में लग रही थी, ने यह भी बताया कि बाद में आरोपियों ने उसे सोनीपत ले जाकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक पैर कट गया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
श्री निवास ने बताया, ‘हमने गैंगरेप का ज़ीरो एफआईआर दर्ज किया और इसे आगे की कार्रवाई के लिए पानीपत रेलवे पुलिस (GRP) को भेज दिया।’
रेलवे पुलिस के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश ने कहा कि उन्हें रविवार शाम को ज़ीरो एफआईआर प्राप्त हुई है और मामले की जांच जारी है। ज्ञात हो कि ज़ीरो एफआईआर किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज की जा सकती है, चाहे घटना कहीं भी हुई हो, और बाद में उसे संबंधित थाना क्षेत्र को ट्रांसफर किया जा सकता है।









