Gopal Khemka murder case: बिहार के फेमस कारोबारी गोपाल खेमका मर्डर केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। बिहार के व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के मुख्य आरोपी को मंगलवार सुबह पटना में पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए गई थी।
मुठभेड़ पटना सिटी के मालसलामी इलाके में हुई, जब पुलिस टीम विकास उर्फ राजा के घर गोपाल खेमका हत्याकांड के सिलसिले में पूछताछ के लिए पहुंची थी।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर धाम में फिर बड़ा हादसा: धर्मशाला की दीवार गिरने से एक महिला की मौत, 11 घायल
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने बताया, ‘राजा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में मुठभेड़ हुई और उसे गोली लग गई। राजा की भूमिका अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन वह अवैध हथियारों का सप्लायर था और संदेह है कि उसने उमेश उर्फ विजय यादव के कहने पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार मुहैया कराया। राजा पहले भी कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और हथियारों की तस्करी में शामिल रहा है। इस मामले में उसने उमेश को हथियार और कारतूस की आपूर्ति की थी।
उमेश, जो कि गैंगस्टर अजय वर्मा (वर्तमान में बेऊर जेल में बंद) का पूर्व शूटर रहा है, को सोमवार को पटना सिटी के इसी मालसलामी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके बयानों की पुष्टि और हत्या की पूरी साजिश की कड़ी को जोड़ने के लिए टीम राजा के घर गई थी।
अधिकारी ने आगे बताया, ‘उमेश ने पूछताछ में बताया कि हत्या के लिए 10 लाख की सुपारी दी गई थी, जिसमें से 1 लाख का भुगतान हो चुका था। पुलिस को नदी किनारे से एक हथियार भी बरामद हुआ है।’








