बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले पीएम मोदी ने शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को औरंगाबाद में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी सत्ता के लिए किसी को भी धोखा देने से पीछे नहीं हटते।
जनसभा में पीएम मोदी ने तीखे शब्दों में कहा, “ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। ये खुली घोषणा कर रहे हैं कि अगर ‘भैया की सरकार’ आई तो कट्टा, दोनाली और फिरौती का दौर फिर लौट आएगा। बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए, बिहार को विकास चाहिए।”
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे उन ताकतों से सतर्क रहें जो बिहार को फिर से अराजकता की ओर धकेलना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ईमानदारी से बिहार को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है।
‘आरजेडी ने बंदूक की नोक पर छीना सीएम पद’
पीएम मोदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को ऐसी सीटें दी गई हैं जहाँ आरजेडी पिछले 35–40 सालों से कभी जीत नहीं पाई। उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि “सीएम पद का चेहरा आरजेडी ने बंदूक की नोक पर चुरा लिया है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग में जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि बिहार के लोग अब जंगलराज को किसी भी कीमत पर वापस नहीं आने देंगे। “बिहार का नौजवान अब झूठे वादों पर नहीं, बल्कि एनडीए के ईमानदार इरादों पर भरोसा कर रहा है,” उन्होंने कहा।
एनडीए के कामों की गिनती और विकास का रोडमैप
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनडीए हर क्षेत्र की जरूरतों के हिसाब से योजनाएं बना रही है। “कहीं फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, कहीं टूरिज्म और टेक्नोलॉजी का विस्तार किया जा रहा है। बिहार में मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार बढ़ाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है,” पीएम मोदी ने कहा।
राम मंदिर से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय मुद्दों को भी जोड़ा। उन्होंने कहा, “मोदी ने कहा था कि राम मंदिर बनेगा — और आज डंके की चोट पर भव्य राम मंदिर बन चुका है। मोदी ने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटेगा — और वो वादा भी पूरा हुआ। मोदी ने बिहार की धरती से कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा — और ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी।”
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव में हुआ बंपर वोटिंग इस ओर जा रहा
प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान जनता ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि बिहार का भविष्य केवल विकास, रोजगार और स्थिरता में है — “ना कि कट्टा और कुशासन में।”









