कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की खुलकर तारीफ की है। थरूर ने राहुल गांधी को देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ एक मुखर और ईमानदार आवाज बताया। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की थी।
कांग्रेस नेतृत्व से मतभेद की अटकलों को किया खारिज
शुक्रवार (30 जनवरी, 2026) को शशि थरूर ने कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व से अपने संबंधों को लेकर चल रही तमाम अटकलों को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ेंगे और राहुल गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे उनके दो प्रमुख नेता हैं।
थरूर ने हाल ही में हुई कोच्चि महापंचायत के बाद उठे विवाद को भी ज्यादा तवज्जो नहीं दी और इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया मामला बताया।
केरल विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हुए थरूर
केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शशि थरूर ने पार्टी एकता का मजबूत संदेश दिया है। राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ, मुख्यमंत्री पी. विजयन की अगुवाई वाली मौजूदा एलडीएफ सरकार को सत्ता से हटाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
थरूर ने कहा कि वह केरल के 140 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार की योजना बना रहे हैं।
मतदाताओं तक सही संदेश पहुंचाना जरूरी
अपने चुनावी अभियान को लेकर थरूर ने कहा कि बीते कई चुनावों में वह राज्य के 56 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर चुके हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “यह बेहद जरूरी है कि हम मतदाताओं तक सही और सार्थक संदेश पहुंचाएं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।”
राहुल गांधी पर क्या बोले शशि थरूर?
राहुल गांधी को लेकर थरूर ने कहा कि वह देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ एक मजबूत और विश्वसनीय आवाज हैं। उन्होंने कहा, “मैं इसे सकारात्मक रूप में देखता हूं कि पार्टी के भीतर सभी मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक चर्चा का अवसर मिल रहा है।”
यह भी पढ़ें: शहीद दिवस पर गांधी मंडेला फाउंडेशन ने की वैश्विक प्रार्थना सभा
थरूर ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी में सभी नेता मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे दो नेता हैं—कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। हम सब एक साथ मिलकर पार्टी को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।”









