देश की राजधानी दिल्ली सोमवार की शाम अचानक दहशत में आ गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक चलती कार में धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए और इलाके को पूरी तरह घेर लिया गया। फिलहाल, धमाके के कारणों की जांच जारी है और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई एजेंसियों को जांच में शामिल किया है।
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, लाल किला तीन दिन रहेगा बंद
घटना के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सुरक्षा कारणों से लाल किला को अगले तीन दिनों तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान किसी पर्यटक या आम नागरिक को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम पूरी तरह एहतियाती तौर पर उठाया गया है ताकि जांच में कोई बाधा न आए और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जा सके।
ट्रैफिक रूट में बदलाव, नेताजी सुभाष मार्ग बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज (11 नवंबर) सुबह 6 बजे से नेताजी सुभाष मार्ग और उसके सर्विस रोड को दोनों ओर से बंद कर दिया है।
चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
राजधानी में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। आईजीआई एयरपोर्ट, इंडिया गेट, संसद भवन और सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
हर वाहन की जांच की जा रही है और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
जांच एजेंसियों की टीम मौके पर
उत्तर दिल्ली के डीसीपी राजा बंथिया ने बताया कि इस मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि “जांच अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।”
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), एनएसजी और दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हर संभव साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया जारी है। अब तक 5 शवों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है, जबकि 6 शवों की पहचान की जा चुकी है। दो शवों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
राजधानी में सख्त निगरानी
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शहर में हाई अलर्ट की स्थिति बनी हुई है। मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सुराग या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी
राजधानी में यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब त्योहारों का मौसम चल रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे की साजिश का खुलासा किया जाएगा।









