साउथ कोरिया की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता सोंग यंग-क्यू का 55 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। रविवार को वे अपने ही वाहन में मृत पाए गए। फिलहाल उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार में मिला था एक्टर का शव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोंग यंग-क्यू का शव योंगिन, ग्योंगगी प्रांत के एक टाउनहाउस परिसर में खड़ी उनकी कार में पाया गया। घटना रविवार की है और स्थानीय पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर बुलाया गया। अब तक की जानकारी के अनुसार, उनकी मौत संदिग्ध मानी जा रही है, हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह आत्महत्या थी या कोई और कारण।
फैंस में शोक की लहर
एक्टर की अचानक हुई मौत से उनके फैंस और कोरियन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं। सोंग की लोकप्रियता केवल कोरिया तक सीमित नहीं थी, बल्कि भारतीय दर्शकों के बीच भी वे खासे लोकप्रिय थे।
सोंग यंग-क्यू का करियर
साल 1994 में ‘विज़ार्ड म्यूरल’ नाम के चाइल्ड म्यूजिक ड्रामा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सोंग यंग-क्यू ने धीरे-धीरे के-ड्रामा की दुनिया में एक मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने ‘ह्वारंग’, ‘बिग बेट’, ‘हॉट स्टोव लीग’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में दमदार अभिनय किया। इसके अलावा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी उन्होंने कई सीरीज में बेहतरीन परफॉर्मेंस दी, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी।

हाल ही में विवादों में आए थे
हाल ही में सोंग यंग-क्यू तब सुर्खियों में आए थे जब उन्हें नशे की हालत में गाड़ी चलाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया गया था। माना जा रहा है कि इस विवाद ने उनके करियर और मानसिक स्थिति पर नकारात्मक असर डाला।
परिवार में शोक
सोंग यंग-क्यू अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। अब तक उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असल कारण का पता चल सके।
यह भी पढ़ें: भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 6 रन से हराया, सीरीज़ 2-2 से हुई बराबर
साउथ कोरियन इंडस्ट्री के लिए यह एक गहरा आघात है। सोंग यंग-क्यू भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके अभिनय और काम को हमेशा याद किया जाएगा।








