देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त जारी करने की तारीख तय कर दी गई है। सरकार 13 मार्च को योजना की 22वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।
सरकार ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
केंद्र सरकार ने इस बारे में जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा की है। पीएम किसान योजना के आधिकारिक अकाउंट से किए गए पोस्ट में बताया गया कि तय तारीख पर लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि भेजी जाएगी। इससे लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
किसानों को लंबे समय से था इंतजार
पिछले कुछ हफ्तों से किसान 22वीं किस्त की तारीख का इंतजार कर रहे थे। पहले ऐसी चर्चा थी कि फरवरी के अंत तक किसानों को 2000 रुपये मिल सकते हैं। बाद में यह भी कहा गया कि होली से पहले राशि जारी हो सकती है। अब सरकार ने आधिकारिक तौर पर 13 मार्च की तारीख तय कर दी है।
हर साल मिलते हैं 6000 रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि एक साथ नहीं दी जाती, बल्कि तीन बराबर किस्तों में भेजी जाती है। यानी हर चार महीने में 2000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं।
कुछ किसानों की किस्त रुक सकती है
हालांकि इस बार भी कुछ किसानों को किस्त का लाभ नहीं मिल सकता है। कई बार दस्तावेज अधूरे होने या अन्य तकनीकी कारणों से भुगतान रुक जाता है। सरकार ने पिछली किस्तों के दौरान योजना की जांच भी की थी, जिसमें लगभग 30 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम सूची से हटा दिए गए थे। इसी वजह से 21वीं किस्त भी कई किसानों तक नहीं पहुंच सकी थी।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस
किसान अपने भुगतान की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड भरना होगा। मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही खाते से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगी।
लाभार्थी सूची में ऐसे देखें नाम
अगर किसान यह जानना चाहते हैं कि उनका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो इसके लिए भी ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है। किसान पोर्टल पर “Beneficiary List” विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरनी होगी। इसके बाद उस क्षेत्र की पूरी सूची खुल जाएगी, जिसमें किसान अपना नाम देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार दी इच्छामृत्यु की अनुमति
2019 में शुरू हुई थी योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इसका उद्देश्य छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों को आर्थिक सहायता देना है, ताकि वे खेती से जुड़ी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें। अब तक इस योजना के तहत किसानों को 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और अब 22वीं किस्त जारी होने जा रही है।








