Patna bank manager’s body found: पटना के एक बैंक मैनेजर का शव मंगलवार को हसनपुर गांव के बेली इलाके में एक कुएं से बरामद किया गया, जिसके पास उनकी स्कूटी भी मिली। मृतक की पहचान अभिषेक वरुण के रूप में हुई है, जो ICICI लोम्बार्ड में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और कंकड़बाग के निवासी थे। वह रविवार (13 जुलाई) की रात से लापता थे।
वरुण अपने परिवार के साथ पटना के रामकृष्ण नगर में एक समारोह में शामिल हुए थे। समारोह के बाद उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से कहा कि वे पहले घर जाएं, वह बाद में आएंगे। इसके बाद से वह गायब हो गए। फुलवारी के एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि, ‘वरुण का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना का मामला प्रतीत होता है।’
यह भी पढ़ें- ‘असम के CM खुद को राजा समझते हैं..कुछ ही समय में जेल जाते हुए दिखेंगे’, ये क्या बोल गए राहुल गांधी?
‘दुर्घटना हो गई है’: पत्नी को वरुण की आखिरी कॉल
समारोह से लौटने के बाद, वरुण की पत्नी ने उन्हें फोन किया और पूछा कि वे कब लौटेंगे। इस पर वरुण ने कहा कि वह घर के लिए निकल चुके हैं। हालांकि, रात करीब 3 बजे वरुण ने पत्नी को कॉल कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। उन्होंने कहा कि स्कूटी उनके ऊपर गिर गई है और वह दीवारों से घिरे हुए हैं।
इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिवार का संपर्क उनसे टूट गया। अगले दिन सुबह परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस को तलाश के दौरान पहले वरुण की चप्पलें मिलीं और फिर कुएं में उनका शव बरामद हुआ। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंची।
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, वरुण के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे की हत्या एक जान-पहचान वाले व्यक्ति ने की है। उनका कहना है कि किसी को जानकारी थी कि वरुण समारोह में जा रहे हैं और उसके बाद उन्हें बहला-फुसला कर बेउर बुलाया गया, जहां उनकी हत्या कर दी गई।









