मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतराल बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह कदम ब्लैक मार्केटिंग और गैस सिलेंडर की जमाखोरी को रोकने के लिए उठाया गया है।
पहले 21 दिन था अंतराल
मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही बुकिंग के बीच का अंतराल 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन किया था, लेकिन अब इसे और बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब उपभोक्ताओं को नए सिलेंडर की बुकिंग करने के लिए पिछले सिलेंडर की बुकिंग के बाद कम से कम 24 दिन का इंतजार करना होगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि देश में फिलहाल एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की किसी तरह की कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
हाल ही में बढ़ी एलपीजी की कीमत
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। 7 मार्च से घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी लागू हो चुकी है।
तेल कंपनियों के अनुसार अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का गैर-सब्सिडी वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी।
अलग-अलग शहरों में नई कीमतें
देश के अन्य बड़े शहरों में भी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हुआ है।
- मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 912.50 रुपये हो गई है।
- कोलकाता में यह 939 रुपये तक पहुंच गई है।
- चेन्नई में उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए करीब 928.50 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
पिछले एक साल के भीतर यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले अप्रैल में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत
सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को पहले की तरह सब्सिडी मिलती रहेगी। इस योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन पाने वाले 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को साल में 12 सिलेंडर तक प्रत्येक सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: असम: स्थानीय निकायों को 15वें वित्त आयोग से मिला अनुदान
सरकार का कहना है कि नए नियमों का उद्देश्य गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाना है।








