Nikki dowry death: ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटिया कथित हत्या मामले में आए दिन खुलासे हो रहे हैं। निक्की भाटी की कथित दहेज हत्या का मामला लगातार गहराता जा रहा है। शुरुआत में बताया गया था कि, निक्की भाटी को कथित तौर पर उसके पति विपिन भाटी ने 21 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में आग के हवाले कर दिया था। लेकिन बाद में खबर आई कि, निक्की ने खुद ही आग लगाई थी।
घटना वाले दिन का एक अस्पताल का मेमो सामने आया है, जिसमें आरोपी के परिवारवालों ने दावा किया कि निक्की को सिलेंडर फटने से चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि फोर्टिस अस्पताल का मेमो, जहां निक्की को सबसे पहले ले जाया गया था, उसमें लिखा गया कि, ‘घर पर गैस सिलेंडर फटने से मरीज को काफी गंभीर रूप से जल गया है।’ इसमें यह भी दर्ज है कि उसे एक रिश्तेदार (बुआ का बेटा) देवेंद्र गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आया। आमतौर पर अस्पताल का मेमो भर्ती का कारण दर्ज करता है, इसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट या डॉक्टर की जांच से भ्रमित नहीं करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- ‘पुष्पक विमान पहला हवाई जहाज था’: अनुराग ठाकुर की हनुमान अंतरिक्ष यात्री वाली टिप्पणी के बाद शिवराज सिंह का बयान
बाद में निक्की को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां फोर्टिस अस्पताल से शिफ्ट किए जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
कथित तौर पर भाटी परिवार के घर के पास स्थित एक दुकान के बाहर का सीसीटीवी फुटेज, घटना के समय का माना जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग विपिन बताते हैं, एक खड़ी कार के पीछे खड़ा दिखता है। वह अचानक भागता है और फिर तेजी से लौट आता है। इसके बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति और कई पड़ोसी घर की ओर जाते हैं, जबकि महिलाएं घबराई हुई नजर आती हैं।
पुलिस के अनुसार, यह फुटेज जांच का हिस्सा है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) सुधीर कुमार ने पीटीआई को बताया, ‘यह हमारी जांच का हिस्सा है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है और पूरा होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस और परिजनों के आरोप
पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, निक्की पर हमला किया गया, उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया और घर पर आग लगा दी गई। वह गंभीर रूप से झुलस गई और दिल्ली ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उसकी आखिरी घड़ियों का दर्दनाक वीडियो, जिसे कथित तौर पर उसकी बड़ी बहन कंचन ने रिकॉर्ड किया था, ऑनलाइन तेजी से वायरल हुआ है।
पुलिस ने विपिन, उसके माता-पिता सतवीर और दया, तथा भाई रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस से भागने की कोशिश में विपिन को पैर में गोली मारी गई। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने तेज़ जांच, दोषियों को कड़ी सजा और निक्की के परिवार व गवाहों की सुरक्षा की मांग की है।
निक्की के परिवार का आरोप है कि शादी (2016) से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जबकि पहले ही उन्होंने स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और गहने दिए थे। बाद में उस पर 36 लाख रुपये और एक लग्ज़री गाड़ी लाने का दबाव डाला गया।
पुलिस ने कहा है कि अस्पताल का मेमो, एफआईआर बयान और सीसीटीवी फुटेज सभी की गहन जाँच की जा रही है।
निक्की भाटी की बहन का बयान
निक्की की बहन कंचन ने कहा, ‘मेरी सास दया ने विपिन को ज्वलनशील सामान दिया, फिर विपिन ने वह मेरी बहन निक्की पर उड़ेल दिया। जब मैंने विरोध किया तो मुझे पीटा गया, उस समय मेरे पति रोहित, सास दया और ससुर सतवीर मौजूद थे।’
‘घटना 21 अगस्त को शाम करीब 5:30 बजे की है। मेरी बहन की हालत गंभीर थी, इसलिए एक पड़ोसी की मदद से मैंने उसे फोर्टिस अस्पताल, अच्छेर, ग्रेटर नोएडा ले जाया। वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया’।









