Children’s hospital in Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बुधवार शाम कीर्ति कृष्णा चिल्ड्रन हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग की चपेट में आए अस्पताल से 20 से अधिक बच्चों और अन्य लोगों को धोती से बनाई गई रस्सियों और सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, आग करीब शाम 4 बजे अस्पताल के बेसमेंट में लगी। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में इलेक्ट्रिकल उपकरण और बैटरियां रखी थीं, जहां से आग फैलनी शुरू हुई।
यह भी पढ़ें- कुएं से बरामद हुआ ICICI बैंक मैनेजर का शव, आखिरी कॉल में पत्नी को बताया- क्या हुआ?
जैसे ही धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा, अस्पताल एक गैस चैंबर की तरह बन गया। उस समय अस्पताल में दो दर्जन से अधिक बच्चे भर्ती थे, साथ ही उनके तीमारदार भी ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल पर मौजूद थे।
नीचे की मंजिलों पर मौजूद कई लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को धोती से बनाई गई रस्सियों और सीढ़ियों की मदद से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से बीमार बच्चों को एंबुलेंस से निर्मल नर्सिंग होम और अन्य नजदीकी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया।









