उत्तराखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान अब से चंद दिन दूर है। 24 जुलाई को होने वाले इस मतदान को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। पहले चरण में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कुल 49 विकासखंडों में वोटिंग होगी। इस बीच मंगलवार शाम 5 बजे के बाद से प्रचार अभियान पर रोक लग गई है, अब प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर संपर्क कर सकेंगे।
प्रचार थमा, अब सन्नाटा
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी जाती है। इसी के तहत आज शाम से शोरगुल वाला प्रचार बंद हो गया है। हालांकि, प्रत्याशी अब मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर समर्थन मांग सकते हैं।
मतदान की व्यापक तैयारियाँ
राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह मुस्तैद है। पहले चरण के मतदान के लिए 95 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिनमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी और सुरक्षा बल शामिल हैं।
चमोली और उत्तरकाशी में पोलिंग पार्टियों की रवाना
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ, नारायणबगड़, थराली और देवाल ब्लॉकों के लिए मंगलवार को 89 पोलिंग टीमें रवाना हो चुकी हैं, जबकि शेष 164 टीमें बुधवार को रवाना होंगी। जिले के 258 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को मतदान कराया जाएगा।
उत्तरकाशी जिले के नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंडों में भी मतदान होना है। तीनों ब्लॉकों के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए 81 मतदान टीमें मंगलवार को रवाना हुईं, बाकी टीमें बुधवार को भेजी जाएंगी। उत्तरकाशी में कुल 272 मतदान केंद्र पहले चरण में निर्धारित किए गए हैं।
47 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, पंचायत चुनाव 2025 में 47 लाख 77 हजार 72 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 24.65 लाख पुरुष, 23.10 लाख महिलाएं और 374 अन्य मतदाता शामिल हैं।
हजारों प्रत्याशी मैदान में
इस चुनाव में कुल 32,580 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें:
- जिला पंचायत सदस्य: 1,587 उम्मीदवार (350 पदों के लिए)
- क्षेत्र पंचायत सदस्य: 9,194 उम्मीदवार (2,732 पदों के लिए)
- ग्राम प्रधान: 17,564 उम्मीदवार (6,119 पदों के लिए)
- ग्राम पंचायत सदस्य: 4,235 उम्मीदवार (1,881 पदों के लिए)
अब तक कई पदों पर उम्मीदवार बिना प्रतिद्वंद्वी के निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इनमें जिला पंचायत के 8, क्षेत्र पंचायत के 240, ग्राम प्रधान के 1,361 और ग्राम पंचायत सदस्य के 20,820 प्रत्याशी निर्विरोध विजयी घोषित किए जा चुके हैं।
दूसरे चरण का मतदान और मतगणना
पहले चरण के बाद दूसरा चरण 28 जुलाई को होगा। इसके बाद 31 जुलाई को मतगणना की जाएगी और फिर अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: 73वां संविधान संशोधन: पंचायत को 29 विषयों पर मिला काम करने का अधिकार
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। पहले चरण के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां तैनात की जा रही हैं। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों तैयार हैं।









