Saiyaara OTT release: फिल्मी दुनिया में इन दिनों सैयारा ने धमाला मचाया हुआ है। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित और यशराज फिल्म्स के बैनर तले निर्मित ‘सैयारा’ 18 जुलाई को सिनेमाघरों में आधिकारिक रूप से रिलीज़ हो चुकी है। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में डेब्यू कर रहे अभिनेता आहान पांडे और अनीत पड्डा मुख्य भूमिकाओं में हैं। अपनी इमोशनल कहानी और चार्टबस्टर म्यूज़िक के चलते यह फिल्म दर्शकों के बीच खासा चर्चित हो रही है। अब इसके ओटीटी रिलीज़ को लेकर भी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। फिल्म को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा।
सैयारा की कहानी: प्यार और मोक्ष की यात्रा
फिल्म की कहानी वाणी (अनीत पड्डा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे तब गहरा सदमा लगता है जब उसका मंगेतर महेश कोर्ट मैरिज के दिन ऐन मौके पर उसे छोड़कर चला जाता है। टूटे दिल के साथ वाणी एक नई नौकरी शुरू करती है, जहां उसकी मुलाकात कृष (आहान पांडे) से होती है। एक जोशीले और महत्वाकांक्षी सिंगर, जो खुद भी दिल के जख्मों को छुपाए हुए है। दोनों की पहली में पहले थोड़ा ड्रामा होता है लेकिन धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल जाती है।
यह भी पढ़ें- ऐसा क्या है सैयारा मूवी में? कोई रो रहा तो कोई नाच रहा..कोई अस्पताल से IV ड्रिप लगाए हुए थिएटर पहुंच रहा
जैसे-जैसे दोनों का रिश्ता गहराता है, वे एक-दूसरे के सपनों और बीते हुए दर्द को साझा करते हैं। कृष जहां अपने म्यूज़िक करियर को लेकर संघर्ष कर रहा होता है, वहीं वाणी की शांत लेकिन मजबूत शख्सियत उसे आकर्षित करती है। लेकिन तभी कहानी में एक गंभीर मोड़ आता है। वाणी की तबीयत अचानक बिगड़ जाती है, जिससे दोनों को अपने डर और जिंदगी की नाजुकता से दो-चार होना पड़ता है।
ओटीटी पर ‘सैयारा’: नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीमिंग
हालांकि डिजिटल रिलीज़ की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन फिल्म के सिनेमाघरों में प्रदर्शन के दौरान यह कन्फर्म कर दिया गया कि नेटफ्लिक्स ने ‘सैयारा’ के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स खरीद लिए हैं। फिल्म के निर्माता टीम के मुताबिक, सिनेमाघरों में इसकी रिलीज़ के बाद यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आएगी, जिससे वे दर्शक भी इसे देख सकेंगे जो थिएटर में इसे मिस कर गए थे। अमूमन फिल्में थिएटर में आने के करीब 2 महीने बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ जाती हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म सैयारा थिएटर में जून के अंत तक आ जाएगी।
बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने रिलीज़ के दूसरे दिन 24 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पहले दिन के 21 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक है। दो दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है और रविवार तक 50 करोड़ क्लब में पहुंचने की उम्मीद है। फिल्म ने ‘मालिक’, ‘देवा’, ‘मां’, ‘द डिप्लोमैट’, और यहां तक कि ‘ये जवानी है दीवानी’ व ‘सनम तेरी कसम’ जैसी री-रिलीज फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
संगीत और युवा वर्ग में खास पसंद
मोहित सूरी की फिल्मों की पहचान रही है कि वह प्रेम और भावनाओं को म्यूज़िक के माध्यम से गहराई से दर्शाते हैं। ‘सैयारा’ का म्यूज़िक भी रिलीज़ के साथ ही टॉप चार्ट्स पर जगह बना चुका है, और युवाओं के बीच इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।









