New GST Slab 2025: भारतीय उद्योग जगत के दिग्गजों ने जीएसटी काउंसिल के 22 सितंबर से 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो-स्लैब संरचना में बदलाव के फैसले का स्वागत किया है। इनमें राधिका गुप्ता, हर्ष गोयंका और आनंद महिंद्रा शामिल हैं।
एडलवाइस एसेट मैनेजमेंट की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा,
‘यह बेहद प्रगतिशील कदम है, जो एक बेहद महत्वपूर्ण समय पर उठाया गया है। यह न सिर्फ मांग बढ़ाने में मदद करेगा, बल्कि भावनाओं और विश्वास को भी मजबूती देगा। जब दुनिया हमें किनारे पर धकेलती है, हम खुद को और मजबूत बनाकर लड़ते हैं।’
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी इसी तरह की आशा जताई। उन्होंने लिखा, ‘हम अब इस लड़ाई में शामिल हो गए हैं… ज्यादा और तेज सुधार उपभोग और निवेश को खोलने का सबसे पक्का तरीका है। ये दोनों मिलकर अर्थव्यवस्था का विस्तार करेंगे और दुनिया में भारत की आवाज को और बुलंद करेंगे। लेकिन हमें स्वामी विवेकानंद की मशहूर प्रेरणा याद रखनी होगी: ‘उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको।’ इसलिए, और सुधारों की जरूरत है…’
यह भी पढ़ें- AC..TV और ब्यूटी व हेल्थ सेवाएं सस्ती, जानें- किस पर कितना GST स्लैब?
उद्योगपति हर्ष गोयंका ने इस फैसले को जनता के लिए “बड़ा दिवाली तोहफ़ा” करार दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा,
‘हर भारतीय के लिए बड़ा दिवाली गिफ्ट! रोज़मर्रा की ज़रूरतों, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कृषि इनपुट्स पर जीएसटी घटा दिया गया है। सस्ता राशन, स्वास्थ्य में राहत, सस्ती शिक्षा और किसानों को सहारा… यह सुधार ‘नेक्स्ट-जन जीएसटी’ की ओर कदम है, जो जीवन को आसान बनाने और अर्थव्यवस्था को गति देने, दोनों में मदद करेगा।’
जीएसटी काउंसिल का बड़ा फैसला
इन प्रतिक्रियाओं से पहले, बुधवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों में व्यापक कटौती की घोषणा की थी। यह कटौती दैनिक जरूरतों, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कृषि इनपुट्स जैसे क्षेत्रों में की गई।
56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में मौजूदा 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की दरों को खत्म कर, टैक्स ढांचे को दो स्लैब, 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत में सरल बनाया गया।
महिंद्रा ग्रुप के अन्य नेताओं ने भी इस फैसले की तारीफ की। महिंद्रा एंड महिंद्रा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और ऑटो एवं फार्म सेक्टर के सीईओ, राजेश जीतुरिकर ने कहा, ‘हम सरकार का इस ऐतिहासिक जीएसटी सुधार के लिए आभार प्रकट करते हैं। यह ऑटोमोटिव और कृषि दोनों क्षेत्रों पर दूरगामी सकारात्मक प्रभाव डालेगा… इन उपायों से मांग को बढ़ावा मिलेगा और पूरे इकोसिस्टम में समावेशी विकास को गति मिलेगी। हम ईवी पर 5% जीएसटी दर जारी रखने की भी सराहना करते हैं, जो भारत की स्वच्छ मोबिलिटी दृष्टि का एक अहम आधार है।’









