Tel Aviv: ईरान-इजरायल वॉर के बीच अमेरिका की भी खूब चर्चा हो रही है। रविवार को ऑपरेशन Midnight Hammer के तहत अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। जिसके बाद से तेल अवीव के एक मुख्य हाईवे पर रविवार को ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर और ‘धन्यवाद, मिस्टर प्रेसिडेंट’ संदेश के साथ एक विशाल बैनर लगाया गया।
इस सार्वजनिक संदेश के सामने आने के बाद, इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप की सराहना की और इस सैन्य अभियान को ‘बहुत सफल’ करार दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किए गए एक वीडियो संबोधन में नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप का यह निर्णय ‘इतिहास का एक मोड़’ है और दावा किया कि यह न केवल मध्य पूर्व, बल्कि वैश्विक सुरक्षा की दिशा को भी बदल देगा।
यह भी पढ़ें- इजरायली हमलों में अब तक ईरान के 950 लोगों की मौत और 3,450 से ज्यादा घायल
नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा, ‘बधाई हो, राष्ट्रपति ट्रंप। ईरान की परमाणु सुविधाओं को अमेरिका की महान और न्यायसंगत शक्ति से निशाना बनाने का आपका साहसिक निर्णय इतिहास को बदल देगा।’ उन्होंने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक निर्णायक मोड़ बताया।
यह कदम ऐसे समय पर आया है जब ईरान और इज़राइल के बीच तनाव और हमलों का सिलसिला जारी है।









