बिहार चुनाव: बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और अब पूरे राज्य की निगाहें नतीजों पर टिकी हैं। मतगणना कल, शुक्रवार (14 नवंबर) सुबह 8 बजे से शुरू होगी। चुनाव आयोग ने बताया कि सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
राज्य के 38 जिलों में कुल 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर ईवीएम गिनती के लिए आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट (सर्विस वोट) की गिनती शुरू होगी, उसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम खोले जाएंगे। चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, गिनती शुरू होने के लगभग दो घंटे के भीतर शुरुआती रुझान आने लगेंगे, जबकि शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
मतगणना प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था
हर मतगणना हॉल में 14+1 टेबल की व्यवस्था की गई है। चौदह टेबल पर ईवीएम की गिनती होगी और एक टेबल सहायक निर्वाची पदाधिकारी के लिए निर्धारित की गई है। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष एहतियात बरते हैं। सभी स्ट्रॉन्ग रूम्स को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। इन्हें मतगणना के दिन अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए खोला जाएगा।
चुनाव आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतगणना के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो। मतगणना के आधिकारिक परिणाम चुनाव आयोग की वेबसाइट और बिहार के निर्वाचन आयोग की पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: कंगना रनौत पर चलेगा राष्ट्रद्रोह का मुकदमा, जानें मामला
बता दें कि बिहार में दो चरणों में मतदान हुआ था — पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर वोटिंग हुई थी, जबकि दूसरे चरण में 12 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। अब 14 नवंबर को मतगणना के साथ यह तय हो जाएगा कि इस बार बिहार की सत्ता पर कौन काबिज होगा।









