हरियाणा पुलिस के एडीजीपी वाई पूरन कुमार ने मंगलवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह चौंकाने वाली घटना उनके सरकारी आवास पर हुई, जहां बाद में चंडीगढ़ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
वाई पूरन कुमार 2001 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी थे और हरियाणा में एक वरिष्ठ पद पर तैनात थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने निजी हथियार से खुद को गोली मारी। अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पत्नी विदेश दौरे पर, प्रशासन में भी शोक की लहर
वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और इस समय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान दौरे पर हैं। उन्हें जैसे ही यह खबर मिली, विदेश मंत्रालय के माध्यम से वापसी की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मनीषा हत्याकांड में निभाई थी अहम भूमिका
वाई पूरन कुमार कई अहम मामलों की जांच का हिस्सा रह चुके थे, जिनमें हरियाणा का चर्चित मनीषा हत्याकांड भी शामिल है। उन्होंने उस केस में गहरी पड़ताल की थी और पुलिस जांच को नई दिशा दी थी। उनके अचानक उठाए इस कदम से पूरे पुलिस महकमे और प्रशासन में शोक की लहर है।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे कोई व्यक्तिगत, पारिवारिक या पेशेवर कारण तो नहीं।
यह भी पढ़ें: मैथिली ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने पर दिया बड़ा बयान









