लोकप्रिय लोक गायिका और सोशल मीडिया सेंसेशन मैथिली ठाकुर को लेकर सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले उनके नाम की चर्चा जोरों पर है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय और संगठन महासचिव विनोद तावड़े से मैथिली ठाकुर की मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
हालांकि, मैथिली ठाकुर ने अब खुद इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। जबलपुर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि बिहार में राजनीतिक हालातों को लेकर नेताओं से उनकी बातचीत हुई थी।
टीवी पर ही देख रही हूं…
चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर मैथिली ठाकुर ने कहा, “मैं भी टीवी पर देख रही हूं। हाल ही में बिहार गई थी। नित्यानंद राय जी से और विनोद तावड़े जी से मिलने का अवसर मिला। बिहार के वर्तमान हालात और भविष्य को लेकर काफी बातें हुईं।”
अपने गांव से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
जब उनसे यह पूछा गया कि अगर चुनाव लड़ती हैं, तो किस क्षेत्र से लड़ना चाहेंगी? इस पर मैथिली ने अपने दिल की बात कही: “मैं अपने गांव के क्षेत्र से ही शुरुआत करना चाहती हूं। वहां से एक भावनात्मक जुड़ाव है। अगर वहीं से शुरू करूंगी तो लोगों से मिलना, बातचीत करना और समझना आसान होगा।”
राजनीति में आने पर दिया संतुलित जवाब
राजनीति में औपचारिक प्रवेश और विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने के सवाल पर मैथिली ठाकुर ने अभी कुछ भी स्पष्ट कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा: “देखते हैं, अभी कुछ भी ऑफिशियल नहीं हुआ है। क्या होता है, भगवान भरोसे है। मुझे खुद कुछ खबर नहीं है।”
‘देश के विकास में योगदान देना चाहती हूं’
सरकार और राजनीति को लेकर अपने दृष्टिकोण पर मैथिली ने कहा, “मैं चाहती हूं कि देश का विकास हो। अगर मैं किसी भी तरह से योगदान दे सकूं, तो मैं तैयार हूं।”
क्या है संकेत?
हालांकि मैथिली ठाकुर ने चुनाव लड़ने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात और गांव से जुड़ाव की बात यह संकेत दे रही है कि उन्हें बिहार की राजनीति में एक नई भूमिका मिल सकती है।
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नए चेहरों की तलाश में है, और मैथिली ठाकुर जैसी लोकप्रिय और युवा हस्ती पार्टी को जनभावनाओं से जोड़ने में मदद कर सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव 2025: लोकगायिका मैथिली ठाकुर लड़ सकती चुनाव
नजरें रहेंगी इस पर:
- क्या भाजपा औपचारिक रूप से मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाएगी?
- अगर हां, तो वे किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी?
- क्या वे केवल सांस्कृतिक दायरे में ही सक्रिय रहेंगी या राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगी?









