उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के पर्वतीय जिलों सहित राजधानी देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में आज 12 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कई क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।
लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित
प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण भूस्खलन और सड़कों के अवरुद्ध होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। जानकारी के अनुसार, राज्य में 177 सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं। इनमें प्रमुख जिले इस प्रकार हैं:
- चमोली: 32 सड़कें बंद
- रुद्रप्रयाग: 25 सड़कें बंद
- उत्तरकाशी: 21 सड़कें बंद
- टिहरी: 23 सड़कें बंद
- देहरादून: 16 सड़कें बंद
- पिथौरागढ़: 18 सड़कें बंद
- अल्मोड़ा: 16 सड़कें बंद
- नैनीताल: 7 सड़कें बंद
- हरिद्वार: 1 सड़क बंद
- बागेश्वर: 6 सड़कें बंद
प्रशासन की ओर से इन मार्गों को खोलने के लिए PWD और अन्य संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं।
17 सितंबर तक बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम पैटर्न के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश का सिलसिला थम नहीं रहा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से लेकर तेज बारिश होती रहेगी। हालांकि, मैदानी इलाकों में मानसून की सक्रियता में कुछ कमी देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया, जांच जारी
प्रशासन अलर्ट पर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।









