मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के हाल ही में कनाडा के सरे शहर में खुले “KAP’S CAFE” पर हुई फायरिंग की घटना ने सभी को चौंका दिया है। बुधवार देर रात हुई इस घटना में अज्ञात हमलावरों ने कैफे पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें कैफे की खिड़कियों पर करीब 10 गोलियों के निशान पाए गए। घटना के वक्त कुछ कर्मचारी कैफे के अंदर मौजूद थे, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कैफे की ओर से पहली प्रतिक्रिया
इस हमले के बाद शुक्रवार को कैप्स कैफे की तरफ से पहली बार आधिकारिक बयान जारी किया गया। इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए गए इस बयान में कहा गया, “हमने कैप्स कैफे को स्वादिष्ट कॉफी और सौहार्दपूर्ण बातचीत के जरिए समुदाय में गर्मजोशी और खुशी लाने के उद्देश्य से शुरू किया था। उस सपने पर हिंसा की यह छाया दिल तोड़ने वाली है, लेकिन हम हार मानने वालों में से नहीं हैं।”
बयान में आगे कहा गया कि, “आपके शुभ संदेश और साझा की गई यादें हमारे लिए बेहद मायने रखती हैं। यह कैफे उस भरोसे का प्रतीक है, जिसे हमने मिलकर बनाया है। आइए, हम सब मिलकर हिंसा के खिलाफ खड़े हों और सुनिश्चित करें कि कैप्स कैफे हमेशा एकता और अपनत्व की पहचान बना रहे।”
पुलिस जांच जारी, खालिस्तानी एंगल की संभावना
सरे पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी स्थानीय समय अनुसार रात 1:50 बजे हुई। शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे खालिस्तानी चरमपंथियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी संगठन का नाम स्पष्ट तौर पर नहीं लिया है।
सरे पुलिस के स्टाफ सार्जेंट लिंडसे ह्यूटन ने कहा, “जांच अभी अपने प्रारंभिक चरण में है। हम इस हमले के अन्य संभावित घटनाओं से संबंधों और मकसद की भी जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाजी होगी।”

डर का माहौल, लेकिन जज़्बा कायम
कपिल शर्मा के फैंस और कैफे से जुड़े लोग इस घटना से आहत जरूर हैं, लेकिन उनका उत्साह और समर्थन बरकरार है। सोशल मीडिया पर लोगों ने कपिल और कैफे स्टाफ के प्रति सहानुभूति और समर्थन जताते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है KAP’S CAFE?
KAP’S CAFE, कपिल शर्मा का पहला इंटरनेशनल वेंचर है, जिसे हाल ही में कनाडा के सरे में लॉन्च किया गया था। इसे न केवल एक कॉफी शॉप के तौर पर देखा जा रहा है, बल्कि एक ऐसा स्थान माना जा रहा है, जहां लोग आपसी संवाद, दोस्ती और संस्कृति का आनंद ले सकें।
यह भी पढ़ें: मोहन भागवत का 75 की उम्र में ‘साइड हो जाने’ की नसीहत, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर है संघ बना रहा दवाब?
फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है और स्थानीय प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। कपिल शर्मा की ओर से इस घटना को लेकर अब तक कोई निजी बयान नहीं आया है, लेकिन उनके कैफे की प्रतिक्रिया से यह साफ है कि वे डरने या पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।








