बिहार की लोकप्रिय लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पटना स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। मैथिली के राजनीतिक सफर की शुरुआत की यह घोषणा चुनावी माहौल में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, मैथिली ठाकुर को अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी का उम्मीदवार बनाए जाने की प्रबल संभावना है। हालांकि पहले यह चर्चा थी कि उन्हें बेनीपट्टी सीट से टिकट मिल सकता है, लेकिन जब पार्टी ने हाल ही में अपनी पहली सूची जारी की, तो उसमें उनका नाम नहीं था।
आरजेडी विधायक भरत बिंद भी हुए भाजपा में शामिल
इस मौके पर भभुआ से आरजेडी विधायक भरत बिंद ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया। भरत बिंद का भाजपा में शामिल होना महागठबंधन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पार्टी में दोनों चेहरों के शामिल होने को भाजपा ने आगामी चुनावों में अपनी “बड़ी ताकत” बताया है।
विपक्ष डिप्रेशन में है – दिलीप जायसवाल
इस अवसर पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “विपक्ष हताशा और डिप्रेशन में है। वह मीडिया में केवल शिगूफे छोड़ने में लगा है, लेकिन शिगूफा तो शिगूफा ही होता है।”
उन्होंने कहा कि एनडीए मजबूत स्थिति में है और एकजुटता के साथ चुनाव में उतरी है। “एनडीए में पांच पांडव हैं, और चट्टानी एकता के साथ हम चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।”
विपक्ष के टायर की हवा निकल चुकी है
दिलीप जायसवाल ने विपक्ष की हालत को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं पहले ही कह चुका था कि आधा दर्जन से ज्यादा विधायक आरजेडी और कांग्रेस छोड़ेंगे। अब यह सामने आने लगा है। विपक्ष का टायर पंक्चर हो चुका है। उसकी हवा निकल चुकी है।”
उन्होंने कहा कि एनडीए ने गठबंधन धर्म को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाया है, इसी का नतीजा है कि आज जनसमर्थन एनडीए के साथ खड़ा है।

यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव: भाकपा-माले ने जारी की पहली सूची
मैथिली ठाकुर का बीजेपी में शामिल होना न सिर्फ पार्टी के लिए सांस्कृतिक और जनभावनाओं से जुड़ने का एक प्रभावशाली माध्यम है, बल्कि चुनावी रणनीति के लिहाज से भी यह एक अहम कदम है। उनके जरिए बीजेपी युवा मतदाताओं और मिथिलांचल के सांस्कृतिक आधार को साधने की कोशिश में जुट गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी उन्हें आधिकारिक तौर पर किस सीट से मैदान में उतारती है।









