Heavy rain alert: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने लोगों के लिए आफत ला दी है।गुरुग्राम प्रशासन ने सोमवार को 2 सितंबर के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कॉरपोरेट ऑफिसों और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का आग्रह किया गया है। वहीं, सभी स्कूलों को ऑनलाइन क्लास संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह एडवाइजरी गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर द्वारा एक्स (X) पर साझा की गई। इसमें बताया गया कि सोमवार दोपहर शहर में जोरदार बारिश दर्ज की गई। एडवाइजरी में कहा गया, ‘आज दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक गुरुग्राम में 100 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई,’
एडवाइजरी में आगे लिखा गया है, ‘गुरुग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सभी कॉरपोरेट और निजी कार्यालयों से अनुरोध है कि कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाए। जिले के सभी स्कूलों को 2 सितंबर 2025 को ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।’

यह भी पढ़ें- ‘मैं तुम्हें पसंद करता हूं और निकाह करना चाहता हूं’ प्रिंसिपल ने 7वीं की छात्रा को दिया लव लेटर और फिर..
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सिग्नेचर टॉवर चौक अंडरपास पानी में डूबा हुआ दिखाई दिया।
बारिश से दिल्ली में भारी जाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिनभर हुई बारिश के चलते कई हिस्सों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर घंटों गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं और यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।
आईएमडी के अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता घटकर केवल 800 मीटर रह गई थी। 2:30 बजे दृश्यता 2,500 मीटर थी, जो तेज बारिश के चलते घटकर 800 मीटर हो गई।
शाम 5:30 बजे तक, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग पर 18.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पालम में 30.8 मिमी, आया नगर में 48.9 मिमी और लोधी रोड पर 16.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।









