बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने से ठीक एक दिन पहले सियासी माहौल गरमा गया है। RJD MLC सुनील सिंह ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऐसा बयान दे दिया है, जिसने विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर वैसा दृश्य देखने को मिलेगा जैसा नेपाल में हुआ था।
सुनील सिंह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में चार-चार घंटे तक मतगणना रोकी गई थी, और इस बार भी अगर वैसा हुआ तो जनता चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अधिकारियों को सावधान रहना चाहिए, क्योंकि बिहार की जनता अब बहुत जागरूक है। अगर किसी ने हारने वाले को जिताने की कोशिश की, तो ऐसा नजारा देखने को मिलेगा जो कभी बिहार में नहीं देखा गया।”
एग्जिट पोल पर भी उठाए सवाल
आरजेडी एमएलसी ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर भी साजिश की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि जब लोग वोट डालने के लिए कतार में खड़े थे, तभी एग्जिट पोल आने लगे। सुनील सिंह ने सवाल किया, “करीब 4 करोड़ 98 लाख लोगों ने मतदान किया, तो फिर आरजेडी को सिर्फ 50 से कम सीटें कैसे दिखा रहे हैं? ये सब सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा लगता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता खुद यह देखकर हैरान है कि जब वोट महागठबंधन को मिल रहे थे तो जीत एनडीए को कैसे दिख रही है।
बीजेपी और जेडीयू ने दी तीखी प्रतिक्रिया
सुनील सिंह के इस बयान पर सत्तारूढ़ दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और किसी तरह का “गुंडाराज” नहीं चलने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी को हार का अंदेशा हो गया है, इसलिए वह चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं का अपमान कर रही है।
वहीं, जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “आरजेडी खिसियानी बिल्ली बन गई है। बिहार की जनता अब अपराध की राजनीति से दूर रहना चाहती है। यहां सुशासन है और रहेगा।”
यह भी पढ़ें: 8वें वेतन आयोग से पेंशनर्स को रखा जाएगा बाहर?
14 नवंबर को नतीजों का दिन
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे शुक्रवार, 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार की सत्ता की कुर्सी किसके पास जाएगी। लेकिन परिणामों से पहले आरजेडी नेता का यह बयान राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है।









