केंद्र सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैल रहे अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उल्लू, ALTT, देसीफ्लिक्स, बिग शॉट्स समेत कई ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। यह कदम इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा देशभर से मिली शिकायतों के बाद उठाया गया है।
नागरिकों और संगठनों की शिकायतों पर कार्रवाई
मंत्रालय को विभिन्न सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और नागरिकों की ओर से इन ऐप्स के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें आरोप लगाया गया था कि ये प्लेटफॉर्म अश्लील और सेक्सुअल कंटेंट को बिना किसी सेंसर या दिशा-निर्देश के प्रसारित कर रहे हैं। शिकायतों में यह भी कहा गया कि इस तरह का कंटेंट समाज और विशेषकर युवा वर्ग पर गलत प्रभाव डाल रहा है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लागू होंगे नियम
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ओटीटी और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म भी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत नियमों के दायरे में आते हैं और कोई भी कंटेंट जो भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने इन ऐप्स को प्रतिबंधित करने से पहले नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह कदम उठाया गया।
कौन-कौन से ऐप्स पर लगा प्रतिबंध?
सरकार ने जिन प्रमुख ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है, उनमें शामिल हैं:
- उल्लू (Ullu)
- ALTT (पूर्व में ALTBalaji)
- DesiFlix
- Big Shots
- अन्य छोटे व स्वतंत्र प्लेटफॉर्म जो आपत्तिजनक वीडियो कंटेंट प्रसारित कर रहे थे।
डिजिटल माध्यम की जिम्मेदारी तय
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि डिजिटल स्पेस की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि कोई भी प्लेटफॉर्म सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रखे। ऑनलाइन कंटेंट के लिए बनाए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोड़ा इंदिरा गांधी का ये रिकॉर्ड
आगे भी सख्त कार्रवाई के संकेत
सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में अन्य ऐसे प्लेटफॉर्म भी निगरानी में रहेंगे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब देश में ओटीटी कंटेंट की पहुंच तेजी से बढ़ रही है और इसके प्रभाव पर सवाल उठने लगे हैं।










