Delhi Flood News: एनसीआर में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बारिश से यमुना का जलस्तर भी खतरे के निशान ऊपर आ गया है। यमुना का बढ़ता जलस्तर राजधानी में यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। पिछले दो दिनों में कई महत्वपूर्ण मार्ग या तो बंद कर दिए गए या फिर डायवर्ट कर दिए गए।
गुरुवार, 4 सितंबर तक हालत ऐसे हैं कि बाढ़ का असर आउटर रिंग रोड के मजनू का टीला से सालिमगढ़ बाईपास तक के हिस्से पर दिखने लगा। नई एडवाइजरी जारी की गई, जिसके तहत वजीराबाद-सिग्नेचर ब्रिज और चांदगी राम अखाड़ा-आईपी कॉलेज रेड लाइट पर ट्रैफिक डायवर्जन लगाए गए। यमुना का जलस्तर बढ़ने से ओल्ड वजीराबाद ब्रिज वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि आसपास के हिस्सों में भारी जाम लग सकता है और डूबे हुए इलाकों में किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बाढ़ का कहर! स्वामी नारायण मंदिर-फुटओवर ब्रिज और सिविल लाइंस इलाके में घुसा पानी
अपनी एडवाइजरी में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से प्रभावित मार्गों से बचने, सड़क किनारे पार्किंग से परहेज करने और अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाने की अपील की। मोटर चालकों को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया, जबकि आपातकालीन वाहनों को हर समय मुक्त मार्ग देने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि रियल-टाइम अपडेट ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबरों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए उपलब्ध रहेंगे। शाम तक मजनू का टीला का मार्ग आंशिक रूप से खोल दिया गया, हालांकि अन्य जगहों पर स्थिति कठिन बनी रही। कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर वाहन आंशिक रूप से डूबे दिखे और लोग घुटनों तक पानी में पैदल चलते नजर आए।
डायवर्जन के कारण विकास मार्ग, रिंग रोड और आउटर रिंग रोड के अन्य हिस्सों पर भी जाम बढ़ गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यमुना के जलस्तर के आधार पर पाबंदियां और डायवर्जन आगे भी जारी रह सकते हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पहली बड़ी पाबंदी मंगलवार को लगाई गई, जब पुलिस ने शाम 4 बजे से पुराने लोहे के पुल (ओल्ड आयरन ब्रिज) को सभी वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए बंद कर दिया। यह बंदिश बुधवार को भी लागू रही। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि पानी का स्तर पुल के खतरनाक रूप से करीब पहुंच गया था।
इसके चलते कश्मीरी गेट आईएसबीटी, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और लाल किला से आने वाले ट्रैफिक को आउटर रिंग रोड, हनुमान सेतु, राजा राम कोहली मार्ग और गीता कॉलोनी रोड से डायवर्ट किया गया। वहीं राजघाट और शांति वन से आने वाले वाहनों को बेला रोड टी-प्वाइंट से मोड़कर रिंग रोड और गीता कॉलोनी रोड की ओर भेजा गया।









