बिहार की राजनीति में आज का दिन अहम फैसलों से भरा रहा। पटना में भाजपा विधायक दल की बैठक संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं, विजय कुमार सिन्हा को उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी नेताओं ने संकेत दिया है कि दोनों नेताओं को एक बार फिर उपमुख्यमंत्री की भूमिका मिल सकती है।
बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा की जोड़ी फिट भी है और हिट भी।” उन्होंने बताया कि विधायक दल ने एकमत से नए नेतृत्व का चुनाव किया है, जिससे एनडीए की भावी सरकार की दिशा स्पष्ट हो गई है।
जेडीयू विधायक दल की बैठक में नीतीश बने नेता
इसी बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई जिसमें उन्हें एक बार फिर विधानमंडल दल का नेता चुना गया। दोपहर 3:30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें गठबंधन के पाँचों दल औपचारिक रूप से नीतीश कुमार को अपना नेता घोषित करेंगे।
इस्तीफा और सरकार गठन की प्रक्रिया आज ही शुरू
बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और मौजूदा सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद वे एनडीए की नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। नीतीश मंत्रिमंडल पहले ही निर्णय ले चुका है कि 17वीं विधानसभा आज ही भंग कर दी जाएगी।
20 नवंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह
राज्यपाल द्वारा दावा स्वीकार किए जाने के बाद नीतीश कुमार और नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में किया जाएगा। समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे देश के 272 दिग्गज, राहुल गांधी पर संस्थाओं की साख गिराने के आरोप
बिहार की राजनीति में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच एनडीए ने अपनी रणनीति और नेतृत्व संरचना स्पष्ट कर दी है, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।









