बिहार के दरभंगा में आयोजित एक विशाल जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार ने 15 वर्षों तक लालू-राबड़ी के जंगलराज को झेला है और अब वही शासन “चेहरा और भेष बदलकर” लौटने की कोशिश कर रहा है। शाह ने जनता से अपील की कि वे इस बार कमल का बटन दबाकर बिहार को फिर से उस अंधकार युग में लौटने से बचाएं और दरभंगा को विकास का केंद्र बनाएं।
दरभंगा AIIMS से मिलेगी बड़ी राहत
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार की बदौलत अब दरभंगा AIIMS का निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है, जिससे मिथिला, कोसी और उत्तर बंगाल के लोगों को बड़े इलाज के लिए पटना या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अब किसी भी गंभीर बीमारी का उपचार यहीं उपलब्ध होगा। गृह मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत बिहार के 3.60 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है।
IT Park से युवाओं को मिलेगा रोजगार
सभा में शाह ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दरभंगा में बिहार का दूसरा IT Park राष्ट्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए द्वार खोलेगा। “मिथिला क्षेत्र अब तकनीकी और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है,” शाह ने कहा।
पुनौरा धाम में बनेगा भव्य सीता मंदिर
गृह मंत्री ने अपने संबोधन में मिथिला की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम में 850 करोड़ रुपये की लागत से भव्य सीता माता मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। मंदिर बनने के बाद सरकार अयोध्या और सीतामढ़ी को वंदे भारत ट्रेनों के जरिए जोड़ेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
यह भी पढ़ें: ललन सिंह के बयान से सियासी बवंडर, कांग्रेस-आरजेडी हमलावर
अमित शाह ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को बिहार के विकास की गारंटी बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आने पर दरभंगा को “विकसित मिथिला की राजधानी” बनाने का काम पूरा किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे “कमल का बटन दबाकर जंगलराज की वापसी को हमेशा के लिए रोक दें।”









